करसोग (मंडी)। नागरिक चिकित्सालय करसोग में उचित मूल्य की दवाइयों की दुकान पर करीब 5 दिन से ताला लटका है। इसके कारण रोगियों को महंगे दामों पर बाजार से दवाइयां लेनी पड़ रही हैं। इससे रोगियों को जेबें ढीली करनी पड़ रही हैं।
गौरतलब है कि उचित मूल्य की दुकान पर मरीजों को दवाइयों पर 10 से 50 प्रतिशत की छूट दी जाती है। यहां पर कई दिनों से मरीजों को महंगे दामों पर दवाइयों खरीदनी पड़ रही हैं। मरीजों को दूसरी दुकानों तक पहुंचने में भी समय लग जाता है। जिला परिषद सदस्य श्याम सिंह चौहान, पूर्ण चंद कौंडल, राजेंद्र कुमार, निकाराम शर्मा, भविंद्र शर्मा ने कहा कि दुकान का दरवाजा पांच दिनों से बंद होने के कारण रोगियों और तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग आंखें मूंदकर बैठा है। रोगी परेशान हैं। उचित मूल्य की दुकान में दवाइयों पर 10-25 प्रतिशत छूट मिलती है। सर्जिकल आइटम पर 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट है। इस बारे में प्रबंधक निदेशक हिमाचल प्रदेश राज्य आपूर्ति निगम शिमला एसएस गुलेरिया ने बताया की उचित मूल्य की दुकान से फार्मासिस्ट का तबादला हुआ है। नए फार्मासिस्ट के ज्वाइन करते ही दुकान खोल दी जाएगी।