बलद्वाड़ा (मंडी)। तहसील बलद्वाड़ा के तहत कसमैला पंचायत के गांव दगडौंन में एक गोशाला राख हो गई है। गनीमत रही कि सुबह होने के कारण सभी मवेशियों को गोशाला से बाहर निकाल दिया गया था। नहीं तो मवेशी आग की चपेट में आ जाते। वहीं, इस आग की घटना में गोशाला के अंदर रखी लकड़ी और घास जलकर राख हो गया है। विभाग ने मौके का निरीक्षण करने के बाद 5 हजार फौरी राहत प्रभावित को प्रदान की है। चंद्रशेखर पुत्र बुद्धि राम ने बताया कि वह मंगलवार सुबह 10 बजे अपनी गोशाला की ओर गया तो उसने देखा कि गोशाला में आग लगी थी, देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और यह जलकर राख हो गई है। हालांकि, इस दौरान आसपास के लोगों ने आग बुझाने की पूरी कोशिश की लेकिन तब तक गोशाला पूरी तरह जल गई थी। आग के लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सरकाघाट से फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन, तब तक लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। कसमैला पंचायत के प्रधान रामदास ने इसकी पुष्टि की है। मौके का निरीक्षण करने के बाद विभाग की ओर से कानूनगो बलद्वाड़ा नरेश कुमार ने बताया कि घटना में करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। परिवार को 5 हजार की राशि फौरी राहत के रूप में दे दी गई है।