पधर (मंडी)। चंडीगढ़ में आयोजित नेशनल मास्टर गेम्स में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। जोगिंद्रनगर उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नौहली के पीईटी सीआर यादव ने प्रतियोगिता में दो रजत और दो कांस्य पदक जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। सीआर यादव नौहली पंचायत के मरैंझ गांव के स्थानीय निवासी हैं। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नौहली में पीईटी के पद पर सेवारत हैं। सीआर यादव ने 10 हजार मीटर दौड़ में रजत, 5 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की सौ मीटर रिले दौड़ में कांस्य और चार सौ मीटर रिले दौड़ में रजत पदक हासिल किया। सुंदरनगर की हेमलता ने 5 सौ मीटर वॉक में कांस्य, डिस्कस थ्रो और 50 वर्ष की आयु की दौड़ में रजत पदक हासिल किया। पंजाब के चंडीगढ़ में पहली बार नेशनल मास्टर गेम्स का आयोजन किया गया। जिसमें हिमाचल के खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। सीआर यादव को चार मेडल हासिल करने पर स्थानीय पाठशाला स्टाफ सहित नौहली पंचायत के प्रधान अनिल राणा और प्रदेश कांग्रेस सचिव राकेश चौहान ने बधाई दी है।