धर्मपुर (मंडी)। नलवाड़ मेले में जहां आम जनता से 2500 रुपये लेकर हेलीकॉप्टर से धर्मपुर दर्शन करवाए गए, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों को फ्री में हेलीकॉप्टर से सैर करवाई गई। धर्मपुर मंडल भाजपा ने शुक्रवार को 38वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया और इसी अवसर पर पार्टी की ओर से सभी 100 बूथ अध्यक्षों को हेलीकॉप्टर की मुफ्त सैर करवाई। इस मौके पर धर्मपुर मंडल भाजपा कार्यकारिणी सभी पदाधिकारी मंडलाध्यक्ष भी मौजूद रहे। पार्टी की ओर से दिए तोहफे से हर कोई कार्यकर्ता खुश नजर आ रहा था और इस दौरान उन्होंने अपनी खुशी का इजहार भी किया। उधर, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री रजत ठाकुर ने कहा कि पार्टी के बूथ अध्यक्षों ने विस चुनावों में सराहनीय कार्य किया है और इसलिए उनके लिए उड़ान का प्रबंध पार्टी की ओर से किया गया था। पार्टी का स्थापना दिवस होने पर उन्होंने सभी 100 बूथों के अध्यक्षों और कॉलेज के गरीब बच्चों को हेलीकॉप्टर की सैर करवाई और स्वयं हेलीकॉप्टर में नहीं बैठे। वहीं पार्टी मंडलाध्यक्ष पूर्ण चंद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सच्ची लगन से पार्टी का कार्य करते रहना चाहिए। पार्टी की तरफ से उन्हें कभी भी तोहफा मिल सकता है। इस मौके पर पार्टी के सभी बूथों के अध्यक्ष, मंडल महामंत्री प्रताप सकलानी, भाजयुमो मंडलाध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे।