मंडी। बखरौट पंचायत के गांव ओडीधार में पिछले 15 दिनों से ग्रामीण पानी की बूंद-बूंद को तरस गए हैं। इनमें से डेढ़ दर्जन परिवार पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। विभाग की इस अनदेखी के चलते दर्जनों ग्रामीण बुधवार को सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग उपमंडल कार्यालय चुराग में इकट्ठे हुए और कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग से इस समस्या के समाधान के लिए कई बार शिकायत की लेकिन, विभाग की तरफ से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते लोगों ने विभाग के कार्यालय का घेराव किया है।
प्रदर्शन में शामिल गोपाल शर्मा, पवन शर्मा, मनोज कुमार, पूर्ण चंद शर्मा, इंद्र देव, पूर्व प्रधान भगत राम शर्मा, धर्मपाल, तोता राम, अमर नाथ आदि ने कहा कि लोगों को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। इसके चलते उनका अधिकतर समय बर्बाद हो रहा है। वहीं लोगों के कई काम पानी नहीं मिलने के कारण रुके हुए हैं।
शीघ्र होगा समस्या का समाधान
ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद विभाग के अभियंता प्रवीण ने लोगों को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, जब करसोग में तैनात सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता अनिल वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि चुराग स्थित अभियंता को आदेश दे दिए हैं कि 24 घंटों में ग्रामीणों को पेयजल की सप्लाई दी जाए।