मंडी के पड्डल मैदान में व्यापारियों को खदेड़तें नगर निगम के कर्मचारी। संवाद
शहरवासी अब भी खरीदारी के लिए पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। महाशिवरात्रि मेला मैदान पड्डल में करीब 25 दिनों की अवधि पूरी होने के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम ने कारोबारियों को उठाना शुरू कर दिया है। 22 फरवरी के बाद प्रशासन ने कारोबारियों को 20 दिन बैठने की अनुमति दी थी। अवधि पूरी होने पर भी कारोबारियों ने दुकानें नहीं समेटीं। ऐसे में स्थानीय कारोबारियों की ओर से बार-बार मेला मैदान खाली करवाने की मांग को लेकर प्रशासन ने नगर निगम व पुलिस की मदद से कार्रवाई शुरू कर दी है। 15 मार्च तक की अवधि पूरी होने पर प्रशासन ने कारोबारियों के स्टॉल की बिजली आपूर्ति को काट दिया, मंगलवार को उनके सामान को समेटते हुए तिरपाल भी हटा दिए। बुधवार को 80 प्रतिशत कारोबारियों ने सामान समेट लिया। जबकि कुछ कारोबारी अभी भी मैदान में दुकानें सजाने पर अड़े हैं। जिन्हें पुलिस की मौजूदगी में हटाया जा रहा है। नगर निगम के सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया ने बताया कि निगम आयुक्त के निर्देशों पर तीन दिन से मेला मैदान में लगी दुकानों को बंद करवाने के लिए पुलिस के साथ कार्रवाई की जा रही है। अधिकांश कारोबारियों ने अपना सामान समेट लिया है। मेला मैदान आने वाले लोगों के लिए मैदान के चारों तरफ लगे गेट बंद करवा दिए गए हैं। लेकिन, शहर के लोग अभी भी मैदान में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। वीरवार को सभी कारोबारियों का सामान समेट कर मैदान खाली करवाया दिया जाएगा। संवाद