इस बार भी एक करोड़ का आंकड़ा पार करेगा सरस मेला
अब तक 58 लाख से ज्यादा का कारोबार, दो दिन और बाकी
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। शिवरात्रि महोत्सव के दौरान इंदिरा मार्केट पर सजे सरस मेले में अब तक 58 लाख से अधिक का कारोबार हो चुका है। डीआरडीए के मुताबिक अगर मौसम ठीक रहा तो यह आंकड़ा एक करोड़ के पार हो सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि मेले में एक दिन बारिश होने के चलते कारोबार प्रभावित हुआ है, लेकिन दो दिन अगर मौसम साफ रहा तो कारोबार ठीक होगा। मेले के पहले दिन करीब डेढ़ लाख रुपये का कारोबार हुआ, जबकि दूसरे दिन पांच लाख 70 हजार की बिक्री हुई। इसके बाद मौसम के सुहावने होते ही मेले में लोगों की भीड़ बढ़ी और सात दिन में कारोबार 58 लाख से पार हो चुका है। अभी मेला दो दिन और सजेगा और अगले दो दिन में ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। मेले में खासतौर पर युवा और महिलाएं अधिक खरीददारी कर रहे हैं। गौर हो कि सरस मेले में लोगों को एक छत के नीचे पूरे देश के उत्पाद मिल रहे हैं। इसमें कपड़े, जूते से लेकर ज्वैलरी, घरों की सजावट के लिए फूल, फर्नीचर सहित कई जरूरी सामान मिल रहा है। उधर, प्रोजेक्ट अधिकारी डीआरडीए संत राम ने बताया कि मेले का कारोबार अब तक संतोषजनक है। अगर मौसम ठीक रहा तो कारोबार एक करोड़ का आंकड़ा पार कर सकता है।