बलद्वाड़ा (मंडी)। समैला पंचायत के तहत बाड़ी-मतोली गांवों के लोग आजकल गंदा पानी पीने को मजबूर हो गए हैं। इसका कारण यहां पर जगह-जगह से टूटे पेयजल पाइप हैं। टूटे पाइप के जरिए मिट्टी और गंदगी लोगों के नलों तक पहुंच रही है। एक ओर तो विभाग लोगों को स्वच्छ पानी देने के दावे करता है तो दूसरी ओर लोगों को गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। टूटे पाइप के कारण एक तो पानी व्यर्थ बह रहा है और दूसरा लोगों को पर्याप्त पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। इससे इन गांवों के लोगों में विभाग के प्रति रोष है। इस समस्या से यहां के करीब 300 परिवार परेशान हैं। लोगों का कहना है कि विभाग को अपनी इस समस्या के बारे में कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। यह पाइप करीब 40 साल पुराना है। इसके कारण यह अब कई जगहों से टूट चुका है और लीक हो रहा है। गंदे पानी की वजह से लोगों को बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। बाड़ी वार्ड की पंच चंपा और मतोली की पंच कशमीरा देवी ने सभी ग्रामीणों की ओर से विभाग से मांग की है कि इस समस्या का तुरंत समाधान करवाया जाए। इसके बारे में सहायक अभियंता आइपीएच बलद्वाड़ा कमल सिंह ने बताया कि शीघ्र इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।