गोहर (मंडी)। कमरूघाटी के प्रसिद्ध माता जालपा मंदिर अब सीसीटीवी कैमरों से लैस होगा। शनिवार को मंदिर में चोरी की वारदात के बाद प्रबंधन ने मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। इस सिलसिले में जालपा माता मंदिर कमेटी की बैठक रविवार को आयोजित हुई। वहीं, घाटी के अन्य मंदिरों में सीसीटीवी लगाने को लेकर मंदिर कमेटियों ने कवायद शुरू कर दी है। क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों से मंदिर कमेटियां चौकन्ना हो गई है। उधर, चोरी के मामले में अभी तक गोहर थाना पुलिस खाली हाथ है। जिससे लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है।
जालपा माता मंदिर कमेटी की बैठक में रात्रि पहरा बढ़ाने का निर्णय भी लिया गया है। बैठक लिए गए निर्णय के बाद अब माता जालपा मंदिर जल्द ही सीसीटीवी से लैस होगा। शुक्रवार रात को चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर माता का नकली सोने का हार असली समझकर चुरा लिया था। मंदिर के साथ एक दुकान से एक हजार की नकदी और सामान भी चोरी कर लिया था। उसके बाद चोरों ने साथ खड़ी एक कार से पेट्रोल भी चुराया था। क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातों से लोग भी सहम गए हैं। कार के टायर और स्टीरियो चोरी होना क्षेत्र में आम बात हो गई है। अब चोरों के निशाने पर क्षेत्र के अन्य मंदिर भी हो सकते हैं। जिससे लोगों को अब मंदिरों में चोरी होने की आशंका बढ़ गई है।
मामले की गहनता से छानबीन : एसएचओ
थाना प्रभारी गोहर मनोज कुमार ने कहा कि जांच सही दिशा की ओर है। जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।