अप्पर पंडोह में चोरों ने तोड़ी अलमीरा । स्रोत पुलिस विभाग
- फोटो : संवाद
पंडोह (मंडी)। जिला मंडी के अपर पंडोह में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। यहां कमल किशोर स्वामी के घर से शातिरों ने लगभग 70 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। पीड़ित कमल किशोर ने बताया कि रक्षाबंधन वाले दिन यानी शनिवार सुबह से घर पर कोई नहीं था। दोपहरबाद करीब 3 बजे उनकी बेटी घर पहुंची तो उसने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। भीतर जाकर देखा तो अलमारियों के ताले भी टूटे पड़े थे। इससे वह घबरा गई और उसने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कटोच अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शातिरों तक जल्द पहुंचा जा सके। इस वारदात से इलाके के लोगों में भय का माहौल है। संवाद