मंडी। शहर में उस समय अफरा तफरी का माहौल हो गया जब पता चला कि नगर परिषद कार्यालय के पास तेंदुए का शावक है। उसे देखने के लिए लोग उस तरफ भागे। कई दुकानदार दुकानों को बंद करके शावक को देखने की जिज्ञासा से वहां पर पहुंच गए। लेकिन उनकी यह जिज्ञासा उस समय धरी की धरी रह गई जब विभाग के फॉरेस्ट गार्ड ने कहा कि यह जंगली बिल्ली है। फिलहाल इस बिल्ली को विभाग के कर्मचारियों ने अपने कब्जे में लेकर इसको उपचार दिया है। जानकारी के अनुसार नगर परिषद कार्यालय के साथ लगते नाले में किसी को तेंदुए के शावक की तरह जानवर दिखाई दिया। इसे देखकर वहां मौजूद लोगों ने इसे तेंदुए का शावक समझा और उसे देख कर घबरा गए। एक युवक ने साहस दिखाकर इस जानवर को अन्य युवाओं की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा और वहां एक पिंजरे में डाल दिया। इसकी खबर तुरंत शहर में फैल गई। शावक को देखने के लिए नगर परिषद कार्यालय के बाहर लोगों का जमावड़ा लग गया। वन विभाग मंडी के फॉरेस्ट गार्ड हितेंद्र ने पुष्टि की कि यह जंगली बिल्ली है। उन्होंने टीम के अन्य सदस्यों के साथ इसे उपचार के लिए मंगवाईं पहुंचाया और उपचार के बाद जंगल में छोड़ दिया। उधर, डीएफओ एसएस कश्यप ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगली बिल्ली को उपचार के लिए पशु अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि बिल्ली को उपचार के बाद जंगल में छोड़ दिया है।