नगवाईं (मंडी)। सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे वीरवार दोपहर साढ़े चार बजे के बाद चट्टानें और मलबा गिरने से बाधित हो गया है। दवाड़ा से लेकर हनोगी मंदिर तक पांच किमी के क्षेत्र में चट्टानें गिर रही हैं। प्रशासन ने खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी कर एनएच पर यातायात पूरी तरह से रोक दिया है। शाम करीब छह बजे वाया कटौला ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इस मार्ग पर जाम लगने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हलकी बारिश से यहां भूस्खलन हो रहा है। उधर, दवाड़ा पावर हाउस के समीप भी पर्यटकों की कार पर चट्टान गिर गई। इस कार में पंजाब के पर्यटक मनाली जा रहे थे। हादसे में सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हालांकि, कार को खासा नुकसान पहुंचा है। यातायात बाधित होने से एनएच के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गई हैं। जिससे पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पिछले वर्ष भी हाल हुआ था बेहाल
गत वर्ष भी दवाड़ा के समीप चट्टानें गिरने से पर्यटकों के वाहन चपेट में आ गए थे। वहीं, हनोगी मंदिर के परिसर में भी चट्टानें गिरी थीं। इस बार बरसात से पहले ही यह सिलसिला शुरू हो गया है। वीरवार शाम को क्षेत्र में बारिश भी अधिक नहीं हुई थी। लेकिन, कई जगहों पर मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गई हैं।
वैकल्पिक मार्ग से मंडी-बजौरा वाया कटौला से यातायात डायवर्ट
मनाली-चंडीगढ़ एनएच पर लगातार मलबा और चट्टानें गिरने के चलते जिला प्रशासन ने सवा छह बजे के करीब यातायात को वैकल्पिक मार्ग मंडी-बजौरा वाया कटौला से डायवर्ट कर दिया। दवाड़ा से लेकर हनोगी मंदिर तक यातायात को बहाल करने में प्रशासन को काफी समय लग सकता है। इसी के चलते प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा के लिए यातायात को वाया कटौला डायवर्ट किया है। एसडीएम सदर मंडी मदन कुमार ने कहा कि एनएच पर लगातार चट्टानें खिसक रही हैं। जिसके चलते यातायात को वाया कटौला डायवर्ट कर दिया गया है। एनएच को बहाल करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। तहसीलदार औट रमेश राणा ने कहा कि साढ़े चार बजे के बाद से रुक-रुक कर पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। सुरक्षा कारणों के चलते एनएच पर यातायात रोक दिया गया है। जल्द ही यातायात को बहाल कर दिया जाएगा। पर्यटकों की एक कार पर चट्टानें गिरी हैं। इस कार से पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।