मंडी। जंगलों में लगी आग को समय रहते बुझाने पर पंचायतों को जिला प्रशासन पुरस्कार देगा। यह जानकारी उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ने दी है। उन्होंने पंचायत प्रधानों से आग्रह किया कि वह लोगों को जंगलों में आग न लगाने के बारे में जागरूक करें। यदि किसी कारणवश जंगल में आग लग ही जाए तो उसे तुरंत काबू करने के लिए अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जो ग्राम पंचायत अपनी पंचायत के तहत वनों को आग से बचाएगी और आग लगने की सूरत में समय रहते उसे नियंत्रित करने में उत्तम सहयोग प्रदान करेगी, उसे पुरस्कृत किया जाएगा। लोगों से आग्रह किया है कि जंगल से 100 मीटर की दूरी तक घासनियों में आग न लगाएं।
राहगीर जलती हुई बीड़ी, सिगरेट और दियासलाई जंगल में न फेंके, जंगल के आसपास ज्वलनशील पदार्थ, सूखी लकड़ी इकट्ठी न रखें । जिला प्रशासन और वन विभाग जन सहयोग के बिना इस धरोहर की सुरक्षा करने में असमर्थ है। वन विभाग का एक वन रक्षक सारी बीट के जंगलों की आग तथा अवैध कटान को जन सहयोग के बिना नहीं रोक सकता है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि अगर कहीं जंगल में आग दिखे तो वे स्थानीय वन कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि और गांववासियों को इस बारे में तुरंत सूचित करें तथा बहुमूल्य वन संपदा की सुरक्षा में वनों को आग से बचाने में अपना योगदान दें।