मंडी। बंगलूरू के एक होटल में शैफ का काम करने वाले 27 वर्षीय घर के इकलौते चिराग ने अपने घर पंजेठी में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। कुछ ही दिन पहले वह मंडी अपने घर आया था। बताया जा रहा है कि देनदारियों को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के बाद लाश परिजनों को सौंप दी है। 14 साल पहले मृतक के पिता ने ठीक इसी तरह फंदा लगाकर आत्महत्या की थी।
पुलिस ने युवक की पहचान अविनाश, पुत्र स्वर्गीय रमेश गांव पंजेठी के रूप में की है। घटनास्थल पर पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया है कि युवक कुछ दिन से पुरानी देनदारी को लेकर काफी परेशान चल रहा था। मंगलवार को उसने मौका देखकर अपने घर में फांसी का फंदा लगा लिया। रिश्तदारों ने उसे फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं पिता की मौत के बाद मां ने बड़े चाव से पालपोस अविनाश को बड़ा किया था। लेकिन नियती को यही मंजूर था। एक मां ने पहले जहां अपने पति को खोया, ठीक उसी तरह अपने जिगर के टुकड़े को भी खेा दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एसएचओ सुनिल कुमार सांख्यान ने कहा कि पुलिस ने मौके पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।