गोहर (मंडी)। करसोग और चौहारघाटी के बाद अब गोहर में अफीम की खेती लहलहाने लगी है। पुलिस ने गोहर थाना के तहत बस्सी पंचायत के करसाल गांव में 32 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने अफीम की इस खेती को नष्ट कर सेंपल कब्जे में ले लिए हैं। गत वर्ष करसोग और जोगिंद्रनगर थाना पुलिस ने हजारों की तादात में अफीम की खेती को नष्ट किया था। वहीं, इस वर्ष अफीम की खेती का यह पहला मामला जिला में सामने आया है। अफीम की खेती के आरोप में व्यक्ति पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना गोहर में तैनात उप निरीक्षक मनोज कुमार प्रभारी पुलिस थाना गोहर गत सोमवार को भांग व अफीम उखाड़ो अभियान के लिये करसाल में पुलिस पार्टी के साथ मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें क्षेत्र में अफम की खेती की सूचना मिली। जिस पर उन्होंने लीलू राम पुत्र स्वर्गीय तवारू राम निवासी गांव करसाल डा बस्सी तहसील चच्चयोट के खेतों में दबिश दी। इस दौरान 32 पौधे अफीम के पौधे बीजे हुये पाये गये । उप निरीक्षक मनोज कुमार प्रभारी पुलिस थाना गोहर इस अभियोग की जांच कर रहे हैं। एसपी मंडी गुरदेव चंद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच गहनता से की जा रही है।