जोगिंद्रनगर (मंडी)। दो निजी स्कूलों के बीच रास्ते में छात्रों गुटों में हुए झगड़े के बाद वहां से बरामद स्कूली बैग से हथियार, शराब और नशे का सामान मिलने के मामले में प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देशों पर संबंधित स्कूल प्रधानाचार्यों के पुलिस ने बयान कलमबद्ध किए हैं। गौर हो कि प्रदेश उच्च न्यायालय ने स्वयं कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव गृह और शिक्षा सचिव, उच्च तथा प्रारंभिक शिक्षा निदेशकों के साथ-साथ डीसी तथा एसपी मंडी को नोटिस जारी कर इस मामले में जवाब तलब किया है। उच्च न्यायालय के न्यायधीश सीबी बरोवालिया ने नोटिस देकर 9 फ रवरी तक जवाब दायर करने को कहा था। अदालत के आदेश के बाद बुधवार को जोगिंद्रनगर पुलिस ने इस रास्ते में पड़ने वाले दोनों निजी स्कूलों तथा इसी रास्ते का उपयोग करने वाले सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के पास जाकर जानकारी हासिल कर बयान दर्ज किए तथा मामले की जांच पड़ताल की।
एक फरवरी को इस रास्ते में निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों तथा अन्य छात्रों के बीच किसी बात को लेकर हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया था कि स्थानीय लोगों को बीच बचाव करने के लिए आगे आना पड़ा था। कहा गया था कि छीना झपटी के बीच पुलिस को घटनास्थल में मिले बैग में दराट, शराब और बीड़ी के बंडल मिले थे। उसके बाद यह सवाल उठने शुरू हो गए थे कि आखिर यह बैग किसका है। जोगिंद्रगर थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस की ओर से पहले भी छानबीन की गई थी। लेकिन, निजी स्कूलों ने अपने किसी भी छात्र के इस लड़ाई में शामिल होने की घटना से इंकार किया है। न्यायालय के आदेश पर दोनों निजी स्कूलों में जाकर ब्यान दर्ज किए गए हैं। साथ ही आसपास के दुकानदारों के भी बयान दर्ज किए गए हैं। सारा रिकार्ड न्यायालय में पेश किया जाएगा।