डाक विभाग की दीनदयाल स्पर्श परीक्षा में हिस्सा लेते अभ्यार्थी। - स्रोत : आयोजक
मंडी। डाक मंडल मंडी की ओर से पांच केंद्रों पर रविवार को दीन दयाल स्पर्श परीक्षा-2024 करवाई गई। जिलेभर से छठी से नौवीं कक्षा के 588 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा में मंडी मंडल के 529 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 59 अनुपस्थित रहे। भारतीय डाक विभाग द्वारा टिकटों में योग्यता एंव अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए दीनदयाल स्पर्श योजना शुरू की गई है।
डाक मंडल मंडी की ओर से डे स्टार स्कूल मनाली, डीएवी सीपीएस मंडी, डीएवी जोगिंद्रनगर, डीएवी सुंदरनगर और महावीर स्कूल सुंदरनगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। मंडी डाक मंडल के अधीक्षक स्वरूप शर्मा ने बताया कि 529 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया है। इस परीक्षा के परिणामों के आधार पर अब दूसरे राउंड में अक्तूबर में होने वाली परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल स्तर पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी और राउंड 2 के लिए शीर्ष 40 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक चुने गए उम्मीदवार को 6000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। पहले राउंड में प्रश्नोत्तरी समेत अन्य परीक्षाएं ली गईं, जबकि दूसरे राउंड में प्रोजेक्ट और प्रश्नोत्तरी आधारित टेस्ट होगा। इस परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को शैक्षणिक रूप से प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को पहचानना है।