सीएम के गृह क्षेत्र समेत दर्जनों पंचायतों में अंधेरा
बर्फबारी के चार दिन बाद भी बिजली नहीं हुई बहाल
सराज के 90 और मंडी उपमंडल के 88 ट्रांसफार्मर ठप
50 से अधिक गांवों में पानी की समस्या से जूझ रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी/बालीचौकी/जंजैहली। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र सहित जिले की दर्जनों पंचायतों में बर्फबारी के चार दिन बाद भी अंधेरा कायम है। वहीं, 50 से अधिक गांवों में अब तक पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है। सराज क्षेत्र के 90 और मंडी डिवीजन के 88 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए हैं। इसके चलते भारी ठंड में लोगों को रातें अंधेरे में गुजारनी पड़ रही हैं। हाल ही में हुई भारी बर्फबारी से सराज में 215 ट्रांसफार्मर ठप पड़े थे, जिनमें से बोर्ड ने 125 को बहाल कर दिया है लेकिन अभी तक 90 बंद पड़े हुए हैं। मंडी डिवीजन के 346 ट्रांसफार्मर बंद पड़े थे। इनमें से 258 को विद्युत बोर्ड ने बहाल कर दिया है लेकिन अभी भी 88 ठप पड़े हैं। ऐसे में जिले के सैकड़ों गांवों में चार दिन से अंधेरा पसरा है। हालांकि, विद्युत बोर्ड का दावा है कि उनके कर्मचारी दिन-रात बिजली को बहाल करने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में तीन फीट तक बर्फबारी होने के कारण कर्मचारियों और अधिकारियों को बिजली बहाल करने में परेशानी हो रही है। उधर, सराज के तुलसी दास, रमेश चंद, इंद्र देव, प्रेम सिंह, पूर्ण चंद, लुद्रमणी, मणी देवी, भागी देवी, बोधी देवी, होम प्रकाश, योगराज, केहर सिंह सहित क्षेत्र के लोगों ने विद्युत बोर्ड से गुहार लगाई है कि बिजली को जल्द बहाल किया जाए।
पानी को तरस गए इन गांवों के लोग
सराज के बुंग, डीडर, खलबाण, गाड़ागुशैणी आदि गांवों में पेयजल के पाइप जाम होने के कारण सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई है। यहां के लोगों को पानी के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कई लोग बर्फ को पिघलाकर पानी की जरूरत को पूरा कर रहे हैं। उधर, प्राकृतिक जलस्रोत भी बर्फ के चलते बंद हो गए है।
क्या कहते हैं अधिकारी
मंडी डिवीजन के अधिशासी अभियंता मनोज पुरी का कहना है कि बिजली को बहाल करने के लिए दिन-रात हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द बिजली को बहाल कर दिया जाएगा।