करसोग (मंडी)। मकर संक्रांति के दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने करसोगवासियों को पांगणा में लोनिवि उपमंडल और तत्तापानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का तोहफा दिया है। घोषणा की कि क्षेत्र के लिए मिनी सचिवालय भवन और आईटीआई भवन स्वीकृत किया गया है। इनके निर्माण पर बीस करोड़ से अधिक की लागत आएगी। बताया कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए पीएमजीएसवाई के तहत 12.76 करोड़ रुपये और नाबार्ड के तहत तहत 3.32 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 6.76 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जसवाल-सविधार उठाऊ जल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया। इस योजना से क्षेत्र की 58 बस्तियों के 3600 से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। मकर संक्रांति के दिन तत्तापानी में आस्था का सैलाब उमड़ा।
तत्तापानी में सीएम के साथ उनकी पत्नी डॉ. साधना ठाकुर, विधायक राकेश जम्वाल, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाहटा, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता, भाजपा सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक डॉ. नंद लाल शर्मा, मुख्य महाप्रबंधक एनटीपीसी एसएम चौधरी भी मौजूद रहे।
...
यह हुई घोषणाएं
-बिघन खड्ड तथा सतलुज नदी पर पुल बनाने की घोषणा
- माध्यमिक स्कूल गुदरोधार बनेगा उच्च पाठशाला
- चनियाना गांव के खेल मैदान के लिए पांच लाख रुपये
- शकरोडी से जस्सल और साज से खंगरोट सड़क को 10-10 लाख
-पांच महिला मंडलों के लिए 3-3 लाख रुपये स्वीकृत
-मेला मैदान तत्तापानी के विकास के लिए पांच लाख
...
पर्यटन की अपार संभावनाएं : राम स्वरूप
सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विकास को गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि तत्तापानी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इनका क्षेत्र के विकास के लिए दोहन किया जाना चाहिए। विधायक हीरा लाल ने कहा कि तत्तापानी राज्य के लोगों के लिए एक पवित्र स्थान है। इसका अधिक विकास किया जाना चाहिए।
....
श्यामला मोबाइल हेल्थ वैन घरद्वार देगी स्वास्थ्य सेवा
सीएम ने मकर संक्रांति मेले के दौरान नि:शुल्क चिकित्सीय शिविर और रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। समिति के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति की ओर से आरंभ की गई ‘श्यामला मोबाइल हेल्थ वैन’ लोगों को शिमला के 40 किलोमीटर के आसपास स्वास्थ्य देखभाल की सुविधा प्रदान करेगी। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष बोध राज शर्मा मौजूद रहे।