धर्मपुर (मंडी)। सज्याओपिपलू पंचायत के गलासन खवाड़ा निवासी पिछले 15 दिनों से पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। लेकिन, उनकी समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने इस बारे में विभाग को भी कई बार अवगत करवाया है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिड़ बैटलू स्कीम जब ठेके पर नहीं थी तो लोगों को पानी की नियमित सप्लाई होती थी। लेकिन अब ठेकेदार के लोग मनमाने ढंग से पानी छोड़ते हैं। लोगों ने अब इस समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए शिकायत पत्र प्रदेश के सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह को भेजा है। इसमें कहा गया है कि उनके गांव में पानी दस दिनों में एक बार आता है और वह भी नाममात्र ही। इससे लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं और ग्रामीण पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने पत्र में लिखा है कि जो पाइप लाइन उन्हें आती है उसे भी जलवाहक ने खराब कर दिया है और पाइपों में जगह-जगह लीकेज हो रही है। उन्होंने मंत्री से इस समस्या का तुरंत समाधान करके उन्हें नियमित पेयजल सप्लाई दिलवाने की मांग की है। जिन लोगों ने यह शिकायत पत्र भेजा है इनमें ओम चंद, लता देवी, शमशेर सिंह, अजय कुमार, अजीव सिंह, प्रदीप कुमार, रंगीला राम, मोहन सिंह, रणजीत सिंह, महेंद्र सिंह शामिल हैं। एसडीओ धर्मपुर यशपाल शर्मा ने कहा कि उनके ध्यान में यह मामला पहली बार आया है। अगर लोगों को समस्या है तो इसे तुरंत दूर करके लोगों को पानी की नियमित सप्लाई दी जाएगी।