नेरचौक (मंडी)। खंडस्तरीय युवा उत्सव का आयोजन विजय मेमोरियल शिक्षण संस्थान में वीरवार को हुआ। युवा सेवा एवं खेल विभाग मंडी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के उपप्रधानाचार्य दीप्ति मारवाह बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। जबकि, अध्यापक ईशा तथा यादविंदर शर्मा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। इस दौरान कथक प्रस्तुति में प्रथम स्थान बाला कामेश्वर स्पोर्ट्स क्लब ने हासिल किया। हारमोनियम और बांसुरी वादन में हिलॉक माडल स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। लोक नृत्य में स्पोर्ट्स क्लब सैनी मोहरी ने प्रथम स्थान हासिल किया तथा दूसरा स्थान हिलॉक मॉडल स्कूल ने प्राप्त किया। वहीं समूहगान में हिलॉक मॉडल स्कूल ने प्रथम तथा स्पोर्ट्स क्लब सैनी मोहरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।