करसोग (मंडी)। थाना करसोग के स्टाफ को अब घटनास्थल तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों की लिफ्ट या बसों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। करसोग पुलिस थाना को आधुनिक सुविधाओं से लैस वाहन मिल गया है। स्टाफ की वाहन की मांग को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था, जिसे अब पुलिस के आला अधिकारियों ने पूरा किया है। करसोग थाना क्षेत्र काफी लंबा है। वहीं, घटनाओं की दृष्टि के निए भी काफी संवेदनशील है। थाने में वाहन न होने के चलते दूरदराज के क्षेत्रों में जाने के लिए पुलिस टीम के पसीने छूटते थे। कई घटनास्थल पर देरी से पहुंचने से जांच प्रभावित होने के आसार भी रहते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
हालांकि, करसोग थाने को पंद्रह साल पहले एक वाहन दिया गया था लेकिन पिछले काफी अरसे से वाहन खराब पड़ा था। बार बार मरम्मत करवाने के बाद खराब हो चुके वाहन को थाने के बाहर ही खड़ा किया हुआ था। पंचायत उप प्रधान भडारनु हीरालाल गौतम, बीडीसी चेयरमैन चमेलु देवी, मोती राम चौहान, राजेंद्र कुमार आदि ने कहा कि पुलिस को नया वाहन मिलने से जांच स्थलों पर जल्दी पहुंचा जा सकेगा। पुलिस की गश्त भी बेहतर होगी और सुरक्षा व्यवस्था चौकस रहेगी। उधर, डीएसपी करसोग रामकरण ने कहा कि वाहन मिलने की पुष्टि की है।