सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के जवाहर लाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन अलग-अलग ट्रेड के 48 प्रशिक्षुओं को देश की नामी कंपनियों में नौकरी मिली है। टेक्सटाइल इंजीनियरिंग ट्रेड के दो प्रशिक्षुओं को 12-12 लाख के पैकेज मिले हैं। कॉलेज के टेक्सटाइल प्रशिक्षु आराध्य सिंह और मनीष मौर्य को देश की टेक्सटाइल कंपनी ट्राइडेंट ने यह सालाना पैकेज दिया है।
इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स कंप्यूटर में 10, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में 27, मेकैनिकल इंजीनियरिंग में 11 प्रशिक्षुओं को नौकरी मिली है। इन प्लेसमेंट में तीन लाख से लेकर 12 लाख तक के सालाना पैकेज शामिल हैं। उधर, जवाहर लाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर के प्रधानाचार्य राजीव खंडूजा ने बताया कि कॉलेज से इस बार 48 प्रशिक्षुओं को देश की विभिन्न कंपनियों में प्लेसमेंट मिली है।