मंडी। जिले में 15 मार्च को शराब के 313 ठेके खुली बोली से आवंटित होंगे। पहली बार आवंटन लॉटरी सिस्टम से होगा। इस दौरान शराब की अधिकतम कीमत भी तय की जा रही है। जिससे ठेका संचालक उपभोक्ताओं से मनमाने दाम नहीं वसूल सकेंगे। वहीं, लॉटरी सिस्टम से बोली लगने से ठेकों के आवंटन में पारदर्शिता आएगी। खुली बोली के लिए 15 मार्च आठ बजे तक आबकारी एवं कराधान विभाग कार्यालय मंडी में आवेदन किए जा सकते हैं। इसके लिए आवेदक को निर्धारित फार्म बी और आधार कार्ड तथा पैन कार्ड के साथ ही दो पासपोर्ट साइज के फोटो भी आवेदन में संलग्न करने होंगे। जिले में 128 करोड़ की कीमत के 313 शराब ठेकों का आवंटन होगा। ठेकों के आवंटन के लिए आवेदन शुल्क दस हजार से पचास हजार रखा गया है। खुली बोली सुबह नौ बजे से विपाशा सदन भ्यूली में लगाई जाएगी। वहीं, इससे एक घंटा पहले तक आबकारी एवं कराधान विभाग कार्यालय मंडी में बोली के लिए आवेदन लिए जाएंगे। जबकि, विभाग के सर्कल कार्यालय में यह आवेदन दो दिन पहले तक लिए जाएंगे। बोली में डीसी मंडी ऋग्वेद मंडी, विभाग कलेक्टर मंडी जोन, आबकारी एवं कराधान विभाग कमिश्नर की ओर से नॉमिनेटिड अधिकारी, उपायुक्त राज्यकर मंडी प्रीतपाल उपस्थित रहेंगे।
15 तक करें आवेदन : प्रीतपाल
आबकारी एवं कराधान विभाग मंडी के उपायुक्त राज्यकर प्रीतपाल ने कहा कि ठेकों के लिए खुली बोली 15 मार्च को विपाशा सदन में होगी। पहली बार लॉटरी सिस्टम से यह बोली होगी। जबकि, सरकार के निर्णय के बाद शराब की अधिकतम कीमत भी तय की जाएगी। इससे ठेका संचालक मनमाना दाम नहीं वसूल पाएंगे।
लॉटरी से आवंटित होंगे ठेके : डीसी
डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि 15 को खुली बोली में लॉटरी सिस्टम से ठेकों का आवंटन विपाशा सदन में होगा। खुली बोली के लिए विभाग के कार्यालय में 15 मार्च आठ बजे तक आवेदन किया जा सकेगा। जिले के 313 ठेकों की लॉटरी के माध्यम से बोली लगाई जाएगी।