पधर (मंडी)। नेशनल हाईवे मंडी-जोगिंद्रनगर के बीच उरला कस्बे के पास नशे में धुत युवकों ने वाहन को रोककर यात्रियों के साथ गाली गलौज और मारपीट की है। यात्रियों ने इसकी शिकायत पधर पुलिस थाने में दर्ज कराई है। घटना शनिवार रात करीब 8:10 बजे की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिलासपुर से कार नंबर एचपी 24 डी में सवार होकर एक परिवार के सदस्य जोगिंद्रनगर में अपने किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। उरला कस्बे से मात्र चार सौ मीटर की दूरी पर हियुण गांव में तीन युवकों ने एनएच सड़क के बीच खड़े होकर वाहन को रोका। शिकायतकर्ता अंशुल पुत्र बालसुख निवासी जिला बिलासपुर के मुताबिक तीनों युवक नशे में थे। इस बीच तीनों युवकों ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। वाहन का साइड ग्लास तोड़ते हुए तीनों युवकों ने खिड़कियां खोलकर कार में सवार सभी यात्रियों के साथ मारपीट की। इस बीच बचाव को चिल्लाने पर पास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ऐेसे में तीनों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर घटना स्थल से फरार हो गए। ग्रामीणों की ओर से तीनों युवकों की पहचान कर ली गई है। शिकायतकर्ता की ओर से तीनों हुड़दंगियों के नाम पधर पुलिस को बता दिए गए हैं। पधर पुलिस ने मामला दर्ज कर परिवार का पधर अस्पताल में मेडिकल करवाया। मामले की जांच पधर थाना के मुख्य आरक्षी रूप लाल कर रहे हैं। एनएच पर रात को रास्ता रोककर वाहन को क्षति पहुंचाने और यात्रियों से गालीगलौज करने और मारपीट करने के आरोप में पधर थाना पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पधर पुलिस के मुताबिक हुड़दंगियों की पहचान दिनेश कुमार पुत्र नेत्र सिंह निवासी गांव रवा उरला, पवन कुमार पुत्र चंद्रमणी निवासी गांव उरला और चिरंजी लाल पुत्र स्वर्गीय प्रेम सिंह निवासी गैल उरला के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरुदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों हुड़दंगियों को रविवार को थाना में तलब किया और उनसे पूछताछ की। तीनों को निजी जमानत पर छोड़ दिया है। मामले की छानबीन जारी है।