मंडी। मंडी बस स्टैंड में 50 पैसे लीटर फिल्टर और साफ पानी मुहैया करवाने का सब्जबाग दिखाकर प्रशासन ने आंखें मूंद ली हैं। यहां पर स्थापित वाटर एटीएम बंद पड़ा है। लोगों को स्वच्छ जल देने के लिए बनाया गया वाटर एटीएम किसी काम नहीं आ रहा है। जिसके चलते लोगों को मजबूरन दुकानों से 20 रुपये लीटर तक बोतलबंद पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। इस बस स्टैंड से रोजाना हजारों यात्री आवाजाही करते हैं। ऐसे में स्वच्छ जल की सुविधा न होना लोगों के लिए चिंतनीय विषय है। लोगों को मात्र 50 पैसे में स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने वाला बस स्टैंड पर बना वाटर एटीएम पिछले कई दिनों से खराब पड़ा है लेकिन, सरकार को इसका पता नहीं है। जिसके चलते इस बस स्टैंड से आवाजाही करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी हो रही है। आलम यह है कि जब इस अड्डे का निर्माण किया गया था उस समय प्राइमल सर्वजल कंपनी ने लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के लिए वाटर एटीएम लगाया था। उन्होंने लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ही इस यह एटीएम लगाया था। अब यह खराब पड़ा है। जिसके चलते लोगों में सरकार और निगम के खिलाफ खासा रोष है।
लोगों की जुबानी
लोगों में लोकेश, गोबिंद, राहुल, अमन, ध्याना राम, अमित, आसीम, राकेश, काव्या, मीना, मोनिका, कमला, इंदु और अन्य ने बताया कि इस वाटर एटीएम के न चलने से उन्हें काफी परेशानी हुई। सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर लोगों की सुविधा के लिए बस स्टैंड तो बना दिया लेकिन स्वच्छ जल की सुविधा देना ही भूल गई। जिसके चलते यहां से आवाजाही करने वाले हजारों यात्रियों को प्रतिदिन इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस खराब पड़े वाटर एटीएम को ठीक करवाने की मांग की है।
निगम ने जल्द ही ठीक करने का दिया आश्वासन
अड्डा इंचार्ज जितेंद्र पाल ने कहा कि इस समस्या के बारे में निगम को अवगत करवाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस खराब पड़े वाटर एटीएम को ठीक कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए कहीं दूर न जाना पड़े।