मंडी। राजकीय उच्च पाठशाला रयोंसी खंड चच्योट में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत कांढी के प्रधान मान सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्याध्यापक विजय कुमार ने मुख्यातिथि के समक्ष स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसमें स्कूल की सालभर की गतिविधियों का ब्योरा मुख्यातिथि के समक्ष रखा। स्कूल के एसएमसी अध्यक्ष गुरदेव ने मुख्यातिथि को शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और राष्ट्रगीत के गुणगान से की गई। कार्यक्रम में बच्चों ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति पेश कर उपस्थित अध्यापकों, अभिभावकों और अन्य लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में शैक्षणिक, खेलकूद और विद्यालय की अन्य गतिविधियों के विजेता बच्चों को इनाम वितरित किए गए। जिसमें शैक्षणिक क्षेत्र में मीनाक्षी, लक्ष्य और महक प्रथम स्थान, राहुल, छाया व मोनिका द्वितीय स्थान और राजकुमार, मनीशा तथा अंजली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त अन्य गतिविधियों में अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कार बांटे गए। कार्यक्रम में बच्चों के बेहतर प्रदर्शन करने पर मुख्यातिथि ने उन्हें पुरस्कार से नवाजा। इस मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ, पंचायत प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष, स्थानीय लोग और समस्त स्कूली बच्चे मौजूद रहे।