अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र में दो दिन से बीएसएनएल सिग्नल न होने उपभोक्ताओं के फोन शोपीस बन गए हैं। बीएसएनएल कर्मचारी हड़ताल पर होने की वजह से उपभोक्ताओं को यह समस्या उठानी पड़ी है। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में भारी वर्षा हुई है और साथ में आसमानी बिजली भी गिरी है। इससे यहां टावरों को खासा नुकसान हुआ है। इससे धर्मपुर मुख्यालय में बीएसएनएल का सिग्नल नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को बात करने में भारी परेशानी पेश आ रही है।
निगम ने क्षेत्र के बनवारकलां में टावर लगाया है, लेकिन उसे भी बनेहरड़ी टावर से जोड़ा गया है, जिस कारण यह भी बंद है और उपभोक्ताओं को इससे कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उपभोक्ताओं वीरी सिंह, भीम सिंह, नरपत्त राम, श्यामलाल, गायत्री दत्त, कांता देवी, बबली देवी, सोहनलाल, सुरेश कुमार, विधिचंद, रामलाल, राजकुमार ने निगम से टावरों को जल्द दुरुस्त करने की मांग उठाई है। लोगों ने धर्मपुर के बनवार कलां में लगे टावर को बनेहरडी से न जोड़कर चोलथरा से जोड़ने की मांग भी निगम अधिकारियों से की है।
जल्द दुरस्त होंगे टावर : अभियंता
बीएसएनएल के उपमंडल धर्मपुर के सहायक अभियंता संजीव शर्मा ने कहा कि बनेहरड़ी टावर के ऊपर बिजली गिरने से तकनीकी खराबी आ गई है, जिसे जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा।