मंडी। जिले में अभी भी लोक निर्माण विभाग की 37 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। बुधवार शाम चार बजे जारी जिला आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार सुबह दस बजे तक बंद 49 सड़कों में से 12 को बहाल कर दिया गया है। सबसे अधिक 25 सड़कें सराज मंडल में बंद हैं। इसके अलावा पधर की चार, थलौट और सरकाघाट की तीन-तीन, सुंदरनगर और धर्मपुर की एक-एक सड़क बंद है। बंद सड़कों में 36 ग्रामीण सड़कें और एक एमडीआर शामिल है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ है। जिले में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं हुई। पेयजल आपूर्ति भी सामान्य रही। उधर, डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि विभागीय टीमें बंद सड़कों को बहाल करने में जुटी हुई हैं। संवाद