महिलाओं ने रैली निकाल पाकिस्तान के खिलाफ की नारेबाजी
सुंदरनगर(मंडी)। पुलवामा में शहीद हुए जवानों को सुंदरनगर नगर परिषद की ओर से गठित स्वयं सहायता समूहों ने बुधवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर परिषद कार्यालय में एकत्रित होकर विभिन्न स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने सर्वप्रथम दो मिनट का मौन रखा और जवानों की शहादत पर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिसके उपरांत उन्होंने शहर में रैली निकाल पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का कहना था कि पकिस्तान की शह पर हो रही इन आतंकी घटनाओं से देश में दर्जनों माताएं अपने चिराग खो चुकी हैं। अब समय आ गया है कि सरकार ऐसा बदला ले कि देश में दोबारा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस मौके पर आजीविका मिशन की संयोजक कमलेश गुप्ता, गोदावरी वालिया, सरस्वती प्रतिभा, गोपाल स्वयं सहायता समूह की प्रधान अंजूबाला, ज्योति प्रतिभा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।