जोगिंद्रनगर(मंडी)। वार्ड नंबर छह की अनदेखी का आरोप लगाते हुए बिफरे लोगों ने एसडीएम कार्यालय का घेराव करते हुए ज्ञापन सौंपा। लोगों का आरोप है कि विकास के नाम पर वार्ड में महज औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं। न तो सीवरेज कनेक्टिविटी हुई है और न ही नालियों का निर्माण हो सका है। टूटी सड़कों की हालत बद से बदतर है। यही नहीं पथ प्रकाश की सुविधा भी अरसे से बंद पड़ी है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद की अनदेखी के चलते यहां के लोक नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों ने एसडीएम से अनुसूचित जाति वाले इस वार्ड की हालत सुधारने की मांग की है। वहीं चेताया है कि अगर जल्द ही प्रशासन और नगर परिषद ने अपना रवैया नहीं अदला तो उग्र आंदोलन होगा। गौरतलब है कि वार्ड में विकास कार्यों को लेकर पहले ही वार्ड नंबर तीन और छह के पार्षदों में ठनी हुई है। उधर आपसी तनातनी के कारण बढ़ रही वार्ड की अनदेखी को देखते हुए ग्रामीण प्रशासन तक पहुंच गए हैं। उधर, एसडीएम अमित मेहरा ने बताया कि प्रशासन इस संदर्भ में लोगों की हर संभव सहायता करेगा।