जिले में आपदा से निपटने को प्रशासन तैयार
मंडी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर पुलिस लाइन मंडी में शुरू हुआ। इसका शुभारंभ उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने किया। उन्होंने बताया कि बरसात का मौसम नजदीक है। हमें हर प्रकार की आपदा से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। पूरे जिले में करीब दस हजार से अधिक स्वयंसेवियों को आपदा प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला से विभिन्न स्थानों में तैनात 200 पुलिस और होमगार्ड के जवानों को आपदा से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में आपदा के समय कानून व्यवस्था बरकरार रखना तथा यातायात को सुचारु रूप से चलाने सहित अन्य कार्यों के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अग्निशमन, प्रथम उपचार, बचाव तथा राहत कार्यों को निभाने में पुलिस महत्वपूर्ण योगदान देती है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गुरदेव चंद तथा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव कुमार ने भी अपने विचार रखे। इसके अतिरिक्त दिल्ली से हेमंत कुमार और नितेश कुमार ने आपदा से निपटने के बारे में जानकारी दी।