सुंदरनगर (मंडी)। जुगाहन पंचायत में वीरवार तड़के आग की घटना में दो मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया। जबकि, परिवार बाल-बाल बचा है। इस घटना से प्रभावित परिवार बीपीएल से संबंधित है। प्रारंभिक तौर पर करीब दस लाख के नुकसान का अनुमान है। वहीं, परिवार के पास आग की इस घटना के बाद पहनने के लिए कपड़ों की एक जोड़ी तक नहीं बची है। प्रशासन ने फौरी तौर पर 10 हजार की सहायता राशि और तिरपाल प्रभावित परिवार को दे दी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस तफ्तीश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत जुगाहण के जरल गांव में तड़के लगी आग में हरि सिंह पुत्र हीनु राम का दो मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया है। सुबह के समय शौच के लिए निकले पड़ोसी ने जब घर की ऊपरी मंजिल में आग भड़की देखी तो शोर मचाया। जिस पर आसपास के लोग भी जग गए और घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने घर के मालिक हरि सिंह को उठाया और घर से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान धर्मा देवी और उपप्रधान श्याम लाल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसी दौरान बीएसएल परियोजना के दवानल विभाग को भी आग की इस घटना के बारे में सूचना दी गई। जिसके कुछ ही देर में फायरब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन, जब तक आग पर काबू पाया गया दो मंजिला मकान सामान सहित जलकर राख हो गया।
शार्ट सर्किट बताया जा रहा कारण
पंचायत के उपप्रधान श्याम लाल ने बताया हरि सिंह बीपीएल परिवार से संबंध रखता है। इस आग की घटना में उसका सारा घरेलू सामान राख हो गया। उन्होंने बताया आग की यह घटना शॉर्ट सर्किट के कारण हुई बताई जा रही है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
सहायता राशि प्रदान की
उपमंडलाधिकारी (ना.) राहुल चौहान ने बताया कि प्रभावित परिवार को फौरी सहायता के रूप में 10 हजार की राशि और तिरपाल प्रदान कर दी गई है। वहीं हलका पटवारी से आग के कारण हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब की गई है। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।