रिवालसर (मंडी)। बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत लोअर रिवालसर के झैर और चहड़ी के रिवालसर में आईपीएच विभाग के कार्यालय का घेराव किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही से करीब तीन दर्जन परिवार एक माह से पानी को तरस रहे हैं। समस्या के बारे में विभाग को सूचित किया गया है। लेकिन, विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान के लिए कोई संजीदा कदम नहीं उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने विभाग को चेताया है कि यदि जल्द पेयजल सप्लाई गांव में बहाल न हुई तो उन्हें आंदोलन उग्र करना पड़ेगा।
ग्रामीणों में पद्मनाभ, हरि सिंह, लाल सिंह का कहना है कि विभाग को बार-बार अवगत करवाने के बावजूद उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। इसके अतिरिक्त नजदीकी कोई भी पानी का स्रोत न होने के कारण लोगों को उठाऊ पेयजल योजना पर निर्भर रहना पड़ता है। विभाग की ओर से सप्ताह में एक या दो बार पानी छोड़ा जाता है, जिससे गुजारा नहीं हो पा रहा है। लोगों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी पेयजल समस्या का जल्द हल नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरन खाली बर्तनों के साथ सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजकुमार शर्मा ने कहा कि चहड़ी और झैर के पेयजल योजना पंप हाउस में पंप तकनीकी खराबी के कारण ठीक ढंग से सप्लाई नहीं हो रही है। इसे शीघ्र ठीक करके पानी की आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी।