गोहर (मंडी)। गोहर के समीप बस्सी से शलोग जा रही एक टाटा सूमो के देर शाम अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से एक सवार की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि दो अन्य लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को 108 के माध्यम से नागरिक चिकित्सालय भर्ती किया गया है। जहां दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए मंडी रेफर कर दियागया है। मृतक की शिनाख्त 56 वर्षीय भूप सिंह पुत्र शरण निवासी बस्सी के रूप में पुलिस ने की है। घायलों की पहचान 36 वर्षीय दास पुत्र भाग सिंह गांव छलाग और 38 वर्षीय संजय ठाकुर पुत्र डाला राम निवासी डमाहर के रूप में पुलिस ने की है। डीएसपी हैडक्वार्टर हितेश लखनपाल ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम बस्सी से शलोग के लिए टाटा सूमो में सवार होकर तीनों लोग रवाना हुए और कुछ ही दूरी पर बस्सी नाला के पास सूमो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का धमाका होते ही बस्सी और आसपास के ग्रामीण बचाव कार्य के लिए घटना स्थल की ओर भागे। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को सड़क मार्ग पहुंचाया। जहां से 108 एंबुलेंस पर घायलों को नागरिक चिकित्सालय गोहर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों में दास और संजय को मंडी रेफर कर दिया गया है। घायलों में संजय कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे से बस्सी गांव में मातम का माहौल छा गया है। गोहर पुलिस घटना स्थल का पहुंच गई है और छानबीन तेज कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम गोहर कुलबीर सिंह राणा ने प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 10 हजार और घायलों को 5 -5 हजार रूपए प्रदान कर दिए हैं।
बिंदर ठाकुर