अमर उजाला ब्यूरो
सरकाघाट (मंडी)। दारपा पंचायत में एक महिला की मकान की दीवार गिरने से मौत हो गई है। पुराने मकान को तोड़ कर पुन: निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पुराने मकान की दीवार तोड़ते हुए हादसा हो गया। दीवार महिला पर गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक महिला की शिनाख्त 32 वर्षीय शीला देवी पत्नी संजीव कुमार गांव धाड़ के रूप में की है। मिली जानकारी के मुताबिक महिला के पुराने घर का स्लैब तोड़ा जा रहा था। वह भी मौके पर मौजूद थीं। इसी दौरान दीवार गिर गई और महिला दीवार की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गई। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल सरकाघाट लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही महिला का शव कब्जे में ले लिया। बाद में अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतका अपने पीछे दो छोटी बेटियां और पति छोड़ गई है। उसका पति बद्दी बरोटीवाला में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। धाढ़ पंचायत प्रधान राजू देवी, पूर्व प्रधान कमलेश नेगी, उपप्रधान सुनील कुमार ने महिला की दुर्घटना में हुई मौत पर शोक जताया है और प्रशासन से उचित राहत दिलाने की मांग की है। डीएसपी सरकाघाट चंद्र पाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।