दो दिन में राजस्व लोक अदालत में निपटाए इंतकाल के 265 मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। राज्य सरकार द्वारा जनहित में लिए गए राजस्व लोक अदालतें लगाने के निर्णय के बेहतर परिणाम सामने आने लगे हैं। हर माह होने वाली राजस्व लोक अदालतों के कारण लोगों के राजस्व कार्य अब शीघ्रता से होने लगे हैं। इसका सीधा लाभ लोगों मिल रहा है।
करसोग में राज्य सरकार के निर्देशानुसार 28 और 29 जून को आयोजित राजस्व लोक अदालतों में राजस्व कार्यों संबंधी सैकड़ों मामलों का राजस्व विभाग की ओर से निपटारा किया गया। तहसील से प्राप्त आकड़ों के अनुसार तहसील में दो दिन में लगभग 265 इंतकाल के मामलों का निपटान राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से किया गया, जबकि जून माह में कुल 284 इंतकाल संबंधी मामलों का निपटारा किया गया। तहसील कार्यालय के तहत आने वाले विभिन्न कानूनगो सर्किलों में जून माह में इंतकाल संबंधी लगभग 262 नए मामले दर्ज किए गए थे। मई माह के इंतकाल के लगभग 81 मामले लंबित चल रहे थे। कुल 343 इंतकाल के मामलों में से 28 और 29 जून को आयोजित राजस्व लोक अदालतों में इंतकाल के कुल 265 मामले, जबकि इंतकाल संबंधी ही 19 अन्य मामले निपटाए गए हैं। इस प्रकार जून माह में इंतकाल संबंधी कुल 284 मामलों का निपटारा किया गया। करसोग तहसील में अब केवल मात्र इंतकाल संबंधी 59 मामले ही शेष रह गए हैं।
स्थानीय निवासी दर्शन सिंह वैशाखी देवी, पन्ना लाल, दीपराम, रामकृष्ण, कौशल्या, गंगा सिंह, हेमंत, बिहारी लाल, पूजा देवी, निहाल चंद सहित अन्य लोगों ने बताया कि इंतकाल दिवस का आयोजन कर राज्य सरकार ने एक नई पहल की है। इसका सीधा लाभ ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्र के लोगों को मिल रहा है। तहसीलदार कैलाश कौंडल का कहना है कि लोगों के राजस्व संबंधी कार्य समय पर हो और किसी को कोई परेशानी न उठानी पड़े, इसके प्रयास किए जा रहे हैं।