विकास कार्यों को मिलेगी गति, जिले की पांच पंचायतें चुनी हैं निर्विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। गोहर विकास खंड की गुडार और अनाह पंचायतों को 25-25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता जारी की गई है। पंचायत चुनाव में निर्विरोध चुनी गई इन दोनों पंचायतों को मिली इस राशि से गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। जिलेभर में कुल पांच पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं।
गुडार पंचायत की प्रधान पवना और अनाह पंचायत की प्रधान पवना कुमारी ने वित्तीय सहायता के लिए सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग पंचायतों की प्राथमिकताओं के आधार पर किया जाएगा। इसमें सामुदायिक भवनों का निर्माण, जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण, पक्के रास्ते और सड़कों का विकास तथा प्राकृतिक जलस्रोतों के रखरखाव जैसे कार्य शामिल हैं।
पंचायतों को मिली इस आर्थिक मदद से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में सहायता मिलेगी। लंबे समय से विकास कार्यों की जरूरत महसूस कर रहे गांवों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। पवना कुमारी ने कहा कि पंचायतों का निर्विरोध चुना जाना ग्रामीणों की आपसी सहमति और एकजुटता का प्रतीक है।