सुंदरनगर (मंडी)। निहरी के निकट बुधवार देर शाम तूफान के कारण एक कार खाई में गिर गई। इससे चालक घायल हो गया। चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घायल सतीश ठाकुर (49) निवासी रोपड़, सरकाघाट निहरी स्थित राजकीय आईटीआई में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार निहरी के पास रंघोड मोड़ पर बुधवार देर शाम अंधड़ से उड़ी धूल मिट्टी से आगे सड़क पर दिखाई देना बंद हो गया। इसके कारण निहरी जा रही कार (एचपी11ए/3004) लगभग तीन सौ फीट गहरी खाई में लुढ़क गई। कार सवार सतीश ठाकुर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उसे खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सतीश को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। थाना प्रभारी बीएसएल थाना कमलकांत ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। उधर, वीरवार सुबह सुन्नी से सुंदरनगर आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस बटहड़ गली के पास हादसे का शिकार होने से बच गई। बस में अचानक कोई खराबी आ गई, जिसके कारण वह अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा दिया। इसके कारण बस रुक गई और उसमें सवार करीब 30 यात्री बाल-बाल बच गए। बाद में दूसरी बस में सवारियों को सुंदरनगर भेजा गया। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि इस घटना में किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं आई है। चालक ने अपनी सूझबूझ से बड़ी घटना होने से बचा ली। उन्होंने कहा कि बस में क्या खराबी आई, इसकी जांच की जा रही है।
000