जोगिंद्रनगर (मंडी)। लडभड़ोल में बिनवा नदी में डूबने से हुई मौत मामले में परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है। मौके पर मौजूद लडभड़ोल पुलिस के अधिकारी और जवानों के समझाने के बाद भी जब परिजन नहीं माने तो थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने खुद मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत किया। साथ ही निष्पक्ष जांच की बात कही, तब जाकर मामला शांत हुआ। मृतक के पिता कालू राम और भाई गुड्डू राम ने इसे हत्या बताया और पुलिस से न्याय दिलाने की मांग की। परिजनों ने पुलिस के कब्जे में शव पर भी अनेक सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी गैर मौजूदगी में पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया और शव में खून भी लगा हुआ था। जिस वाहन में शव को घटना स्थल से नागरिक अस्पताल में पहुंचाया उस वाहन में भी खून लगा हुआ था। इसके अलावा परिजनों का आरोप है कि गुलाब सिंह जहां पर काम करता था वहां पर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के बुलाने पर भी मालिक छुट्टी नहीं देता था। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। कहा कि उनके घटना स्थल पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। अब उनके बेटे के डूबने से मौत का कारण बताया जा रहा है, जो उनके गले से नहीं उतर रहा है। उधर, डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने भी गुलाब सिंह के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मामले की गहनता से छानबीन का भरोसा दिलाया है। वीरवार को शव का पुलिस की निगरानी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा गया।
000