मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की तीन दिवसीय सांस्कृतिक संध्याओं का सरस्वती विद्या मंदिर सभागार में शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। पहली संध्या में शास्त्रीय गायन, नृत्य और वादन की बेहतरीन प्रस्तुतियां हुईं। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक पुनीत रघु ने 8 से 10 मार्च तक सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल सभागार में आयोजित होने वाली इन संध्याओं का शुभारंभ किया। पहली संध्या में चंडीगढ़, कुल्लू और स्थानीय कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। चंडीगढ़ से आए डॉ. अशोक शर्मा ने सितार, दीपक गौतम ने सरोद, भीष्म देव ने बांसुरी, पंडित विद्या सागर और सोमांश गौतम ने तबला वादन की प्रस्तुतियां दीं। शास्त्रीय गायन में शुक्ला शर्मा, रजनीश शर्मा, प्रोमिला राज और जगदीश ठाकुर की प्रस्तुतियों को लोगों ने बहुत सराहा। दिनेश गुप्ता और लतेश कश्यप ने कथक नृत्य के दौरान अपनी भाव भंगिमाओं और मुद्राओं से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के समन्वयक लवण ठाकुर ने बताया कि 9 और 10 मार्च को शाम 5 बजे नाट्य संध्याओं में विभिन्न नाटकों की प्रस्तुतियां होंगी।