करसोग (मंडी)। क्लासिकल एंड वर्नाकुलर (सीएंडवी) अध्यापक संघ करसोग इकाई ने पीटीए अनुबंध शिक्षकों को शीघ्र नियमित करने की प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है। इकाई अध्यक्ष अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि प्रदेश में एक अनुबंध नीति होने के बाद अनुबंध कर्मचारियों को तीन वर्ष के कार्यकाल के बाद नियमित करने का प्रावधान है। पीटीए के तहत अनुबंध शिक्षकों ने जनवरी 2018 में तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है लेकिन उनको अभी तक नियमित नहीं किया गया है। शिक्षक जनवरी 2019 में चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रहे है। बावजूद इसके सभी अनुबंध अध्यापक नियमितीकरण की राह देख रहे हैं। संघ ने पूर्व में भी कई बार जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी पीटीए अनुबंध शिक्षकों को शीघ्र नियमित करने का आग्रह किया लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी कई बार पीटीए अनुबंध शिक्षकों को शीघ्र नियमित करने का आश्वासन दिया लेकिन अभी तक उन्हें नियमित नहीं किया गया है। इससे अनुबंध शिक्षकों में खासा रोष है। अनुबंध शिक्षकों की इस मांग को लेकर 6 जनवरी को बिलासपुर में प्रदेश स्तर की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।
000