आश्वासन पर एबीवीपी ने वापस ली भूख हड़ताल
कन्या छात्रावास में स्थायी वार्डन और सुरक्षा कर्मियों की होगी तैनाती
अमर उजाला ब्यूरो
नबाही/सरकाघाट (मंडी)। मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सरकाघाट इकाई की भूख हड़ताल समाप्त हो गई है। प्रधानाचार्य के साथ हुई वार्ता और प्राथमिकता के आधार पर मांगों को हल करने के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने हड़ताल को वापस ले लिया है। वीरवार रात मांगों को लेकर प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर बैठे रहे। प्रिंसिपल मामला सुलझाने के लिए प्रयासरत रहे, लेकिन रात को भी विद्यार्थी मांगें पूरी न होने तक भूख हड़ताल से न उठने की जिद्द पर अड़े रहे। आनन-फानन में प्रशासन ने रात को ही बैठक बुलाई और समस्याओं के समाधान के आश्वासन के बाद प्रदर्शन बंद किया गया। प्रधानाचार्य श्याम ठाकुर ने कहा कि स्थायी वार्डन एवं 15 दिन में सोलर लाइट्स, सफाई कर्मचारी और सुरक्षा कर्मचारी की नियुक्तियों के लिए नीति जल्द बनाई जाएगी। इस पर विद्यार्थियों ने भूख हड़ताल वापस ले ली। इस मौके पर आरती, प्रिंस, अनिता, सचिन, भावना, प्रियंका, समीक्षा, सुमित साहिल आदि मौजूद रहे।
19 फरवरी को कन्या छात्रावास के बाहर कुछ शरारती तत्वों ने शराब पीकर हुड़दंग मचाकर गालीगलौज किया था। मामले को लेकर एबीवीपी ने प्रशासन से कार्रवाई मांगी। साथ ही स्थायी वार्डन, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त लाइट की व्यवस्था की मांग रखी, लेकिन मांगों पर आश्वासन न मिलने पर एबीवीपी ने मोरचा खोल दिया।