वेटलैंड विषय पर पेंटिंग में श्रेया, भाषण में सुमन अव्वल
विश्व वेटलैंड दिवस पर रिवालसर में करवाई प्रतियोगिताएं
विभिन्न स्कूलों के 70 प्रतिभागियों ने स्पर्धाओं में लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
रिवालसर (मंडी)।
विश्व वेटलैंड दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान रिवालसर झील परिसर में शुक्रवार को किया गया। इसमें डीएफओ मंडी एसएस कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता केडी शर्मा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मंडी ने की। राज्य विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद शिमला की ओर से प्रायोजित इस कार्यक्रम में सात पाठशालाओं के लगभग 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
वेटलैंड पर आधारित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्रों के बीच पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डीएफओ एसएस कश्यप ने उपस्थिति छात्रों को नम भूमि के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने विश्व वेट लैंड दिवस के आयोजन के बारे में स्कूली बच्चों को विस्तार से जानकारी दी। पेंटिंग प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल मंडी की श्रेया प्रथम, यूनिटी पब्लिक स्कूल रिवालसर की अलिशा द्वितीय और हितेश तृतीय स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग की पेंटिंग प्रतियोगिता में गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल मंडी की अपराजिता प्रथम, यूनिटी पब्लिक स्कूल रिवालसर के पृथ्वी चौहान द्वितीय व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौकी चंद्राहण की भावना शर्मा तृतीय स्थान पर रही। वरिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौकी चंद्राहण की सुमन शर्मा प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रंधाडा के आयुष द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिवालसर की भावना शर्मा तृतीय रही। कनिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में यूनिटी पब्लिक स्कूल रिवालसर के हर्षित प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खखरियाना की लविना द्वितीय, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल मंडी की कशिश तृतीय स्थान पर रहीं।