सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट में जाम लगना हर रोज की समस्या बन गई है। मंगलवार को भी लोगों को इसी समस्या से दो चार होना पड़ा। सरकाघाट-धर्मपुर सुपर हाईवे पर जमसाई में सुबह साढ़े 8 बजे के करीब तीन घंटों तक जाम लगा रहा। इस दौरान सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें दोनों तरफ लग गईं। जानकारी के अनुसार बैजनाथ से चंडीगढ़ जाने वाली सीटीयू की बस सुबह 8:30 बजे इस मार्ग पर नाली में फंस गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सुबह का समय होने के कारण लोगों को इस दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय अधिकतर लोग सरकारी और निजी कार्यालयों के कर्मचारी होते हैं वहीं, शिक्षण संस्थानों में जाने वाले विद्यार्थियों को भी अपने गंतव्यों तक पहुंचने में करीब तीन घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी हुई। अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी होने के कारण कई लोगों को कई किलोमीटर की दूरी पैदल ही तय करते हुए देखा गया। अस्पताल जाने वाले रोगियों और वरिष्ठ नागरिकों को अपनी बसों और निजी वाहनों में घंटों तक बैठना पड़ा। यात्रियों में सुरेश कुमार, नरेश कुमार, नानक चंद, हरीराम, मेहर चंद, रोशन लाल, भीमसेन, स्वर्णलता, प्रेम कुमारी, रोशनी, सविता, सावित्री, वंदना, अंजना, ध्यान चंद प्रेमचंद, रामेश्वरी , राधिका, रमेश चंद्र आदि का कहना है कि इस सड़क पर सुबह के समय जाम लगना आम बात हो गई है। इस मार्ग से बाईपास होता तो शायद इस परेशानी का हल हो जाता।