मंडी। जिला मंडी के शिक्षण संस्थानों में विशेष आवश्यकता वाले 203 बच्चों की पहचान की गई है। इन बच्चों को कृत्रिम अंग, ऑर्थोटिक्स, श्रवण यंत्र, गतिशीलता सहायता जैसे व्हीलचेयर और शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।
जिला परियोजना अधिकारी कार्यालय (समग्र शिक्षा) की ओर से जिले में आठ विभिन्न केंद्रों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए चिकित्सा मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया।
इन शिविरों में चिकित्सा मूल्यांकन करने के बाद इनका चयन किया गया है। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिम्को जरूरतमंद विद्यार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान करेगा। उधर, शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) मीना कुमारी ने बताया कि जिला में 10 से 17 नवंबर तक चिकित्सा मूल्यांकन शिविरों का आयोजन आठ केंद्रों में किया गया। इन शिविरों में 265 विद्यार्थियों ने भाग लिया जिसमें से 203 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। संवाद