कोटली (मंडी)। साईगलू में राष्ट्रीय उच्च मार्ग मंडी-जालंधर पर दो दिन पहले खुले शराब के ठेके के विरोध में स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को महिलाओं और स्कूली बच्चों ने विरोध रैली निकाली और ठेके के सामने जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार को तहसीलदार कोटली जसपाल के माध्यम से ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में प्रदेश सरकार से इस ठेके को शीघ्र बंद करने की मांग उठाई गई। ग्राम पंचायत साई के उप प्रधान नरेश कुमार ने बताया कि शनिवार को उच्च मार्ग पर खोले गए शराब ठेके के विरोध में लोगों ने रैली निकाल कर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस मौके पर लोगों ने सरकार से मांग की है कि शीघ्र यहां से इस शराब के ठेके को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए या इसे बंद कर दिया जाए। इस बीच तनाव को बढ़ते देख तहसीलदार कोटली ने महिलाओं को शांत किया। उन्हें आश्वासन दिया कि इस बारे में जल्द ही अवगत करवाया जाएगा। इस पर महिलाएं शांत हुईं। इस विरोध प्रदर्शन में पंचायत प्रधान अच्छी देवी, उपप्रधान नरेश कुमार, वार्ड पंच जीवन लाल, कुंतादेवी, महिला मंडल प्रधान साई विमला, आशा वर्कर तारा देवी, कमला देवी, पूर्व बीडीसी सदस्य हंस देवी, मीरा देवी, हरीश चंद्र, वेद प्रकाश, महेंद्र पाल, अश्वनी कुमार, मान सिंह, कमल किशोर सहित स्कूली बच्चे और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे। उधर, उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग प्रीतपाल सिंह ने कहा कि अब तक उनके पास कोई भी लिखित शिकायत नहीं आई है। अगर इस बारे में कोई शिकायत आएगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
0000