मंडी/सरकाघाट। मनाली-चंडीगढ़ एनएच पर दवाड़ा के समीप चट्टानें गिरने से यातायात करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एनएच के दोनों तरफ लंबा जाम लगा रहा। इसके अलावा जिले में बारिश के चलते कई जगहों पर सड़कें बाधित रहीं। कई जगहों पर भूस्खलन से घरों, गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह सात बजे के करीब एनएच पर दवाड़ा के समीप चट्टानें गिरना शुरू हो गईं। इस कारण प्रशासन ने यहां पर यातायात को रोक दिया। करीब डेढ़ घंटे के बाद साढ़े आठ बजे तक एनएच को बहाल किया जा सका। इस दौरान यात्री गाड़ियों में फंसे रहे। एनएच के दोनों तरफ लंबा जाम लगा रहा। हालांकि, मंडी-कुल्लू वाया कटौला मार्ग यातायात के लिए खुला था। बताया जा रहा है कि एनएच पर ज्यादा चट्टानें नहीं गिरी थीं, लेकिन लगातार गिर रही चट्टानों के कारण एनएच बंद किया गया था। जब चट्टानें गिरना बंद हुईं तो एनएच को तुरंत यातायात के लिए खोल दिया गया। तहसीलदार औट रमेश राणा ने कहा कि एनएच को डेढ़ घंटे बाद यातायात के लिए खोल दिया गया है। वहीं उपमंडल में बारिश से जनजीवन बुरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। परिवहन निगम सरकाघाट डिपो के छह रूट प्रभावित हुए हैं। सरकाघाट से स्योह रूट पर चलने वाली बसें सिद्धपुर के पास भूस्खलन के चलते गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी थी। इससे यात्रियों को समस्याओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोटरोपी में आवाजाही सामान्य रही।
...
बारिश से धर्मपुर में गोशालाएं ढहीं, मकानों को खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल में बारिश ने कहर बरपाया है। क्षेत्र भारी वर्षा के कारण बंसी लाल पुत्र ख्याली राम गांव छात्र, प्रदीप कुमार पुत्र भूरी सिंह गांव गयूण, बालम राम पुत्र पंजकू राम गांव सिधपुरकी गौशालाएं धवस्त हो गई हैं। इसके इलावा सीएमओ डॉ. जीवानंद निवासी तरोहला व राज चौहान गांव तरोहला, भरौरी में चमन लाल शर्मा के घर के आगे ल्हासा गिरने से मकान को खतरा पैदा हो गया है । संधोल तहसील के तहत लज्जू राम निवासी धलारा की गौशाला, ब्यास देव पुत्र भूरी सिंह निवासी धलारा की गौशाला पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। तनेहड़ पंचायत में अच्छर सिंह की गौशाला, दिला राम की गौशाला, पंजकू राम का शौचालय, बालक राम की गौशाला भारी वर्षा के कारण गिर गई है और रेवत राम के आंगन के आगे ल्हासा गिरने के कारण मकान को खतरा पैदा हो गया है। वहीं अमीं चंद व इन्द्र सिंह के मकान के पिछे ल्हासा गिरने से मकान को खतरा पैदा हो गया है ्र प्रधान गुलाबी देवी ने मौका पर जाकर प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को उचित मुवावजा देने की प्रशासन से मांग की है। उधर, एसडीएम धर्मपुर एचएस राणा ने कहा कि पटवारी हल्का को तुंरत रिपोर्ट बनाकर भेजने के आदेश जारी कर दिए है। प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। वहीं भ्रैंड नाला भी उफान पर रहा।