मंडी। डेंगू और डायरिया के मामले आने के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। शुक्रवार को डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने एडवाइजरी जारी करते हुए बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं इत्यादि का प्रचुर भंडारण एवं विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक करने के लिए कहा है। इसके अलावा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं शिक्षा विभाग को सभी पाठशालाओं में अवकाश के दौरान पेयजल भंडारण टैंकों और पाठशाला परिसर में साफ सफाई के निर्देश दिए गए हैं। मंडी तथा सुंदरनगर में मच्छरों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा फागिंग के आदेश जारी किए हैं ताकि मच्छर न पनप सकें।
...
भमसोई और हंसू में डायरिया काबू
डीसी ने कहा कि जिले के स्वास्थ्य खंड कटौला में दो गांवों भमसोई व हंसू में डायरिया पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया गया है। भमसोई गांव में डायरिया का कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है और हंसू गांव में भी स्थिति नियंत्रण में है। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से दवाइयां इत्यादि वितरित की गई हैं और विभाग की ओर से बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं।
...
उपचार से 99 फीसदी ठीक हो जाता है डेंगू
उपायुक्त ने कहा कि डेंगू के पाए गए मामलों में 99 प्रतिशत से अधिक रोगी चिकित्सक की सलाह से पूरी तरह ठीक हुए हैं। इसलिए यदि किसी में डेंगू के लक्षण हों तो अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल से संपर्क करें। इसके लक्षणों में तेज बुखार, अकस्मात तेज सिर दर्द, पीठ दर्द, आंखों को हिलाने में दर्द, त्वचा पर लाल चकते अथवा धब्बे, मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना एवं उल्टी होना तथा गंभीर मामलों में मसूड़ों अथवा नाक से खून बहना शामिल हैं।