वॉलीबाल में कोलनी ढलवान ने मझयाठ को हराया
सरकाघाट (मंडी)। गोपालपुर-2 की अंडर-14 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता कोलनी ढलवान में हुई। समापन समारोह में उच्च शिक्षा निदेशक अशोक कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में 15 पाठशालाओं की लगभग 250 छात्राओं ने भाग लिया। स्पर्धा में वॉलीबाल में कोलनी ढलवान ने मझयाठ को करारी शिकस्त दी। कबड्डी में टिकरी सिध्यानी ने पौंटा को शिकस्त दी। खो-खो में कोलनी ढलवान विजेता बना। बैडमिंटन में कसमैला ने भांबला स्कूल को धूल चटाई। मार्चपास्ट में राजकीय वरिष्ठ पाठशाला भांबला ने प्रथम स्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलनी ढलवान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यातिथि ने विजेता और उपविजेताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर स्थानीय पाठशाला के प्रधानाचार्य सुरेंद्र पाल शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान शीतला देवी, ग्राम पंचायत ढलवान के प्रधान सुनील ठाकुर, भरनाल के उपप्रधान राजेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।